उधमसिंह नगर: सुल्तानपुर पट्टी के ग्राम मुकुंदपुर में बुधवार को शराब के नशे में धुत एक युवक सिंह सभा गुरुद्वारा में घुस गया। इस घटना से सिख समाज मं आक्रोश उत्पन्न हो गया। हालांकि मामला शांति से शांत हो गया, अन्यथा धार्मिक भावनापएं भड़कने पर स्थिति विकट हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुकुंदपुर के सिख समाज के लोग नियमित पूजा-अर्चना के लिए गुरुद्वारे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति नशे की हालत में गुरुद्वारे के अंदर मौजूद है। कुछ ही देर में गुरुद्वारा परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह शराबी युवक को गुरुद्वारे से बाहर निकाला और बैठाया, जिससे कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। नशे में धुत व्यक्ति ने अपना नाम रोहित आर्य बताते हुए खुद को आईटीआई थाना में तैनात होने का दावा किया।
युवक निकला फर्जी दावेदार
घटना की सूचना तत्काल आईटीआई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए उक्त व्यक्ति को अपने साथ थाने ले गई। मामले को लेकर एसपी काशीपुर स्वप्न कुमार ने कहा कि मुकन्दपुर गुरुद्वारे में जिस व्यक्ति को पकड़ा गया है, वह उत्तराखंड पुलिस का सिपाही नहीं है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गुरुद्वारा हमारी आस्था का केंद्र है। नशे की हालत में किसी का वहां प्रवेश करना हमारी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। हमने शांति बनाए रखी और पुलिस को सूचना दी, प्रशासन को ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही करनी चाहिए।








