उत्तराखंड: मर्चुला क्रोकोडाइल पॉइंट का वीडियो वायरल, पलभर में मगरमच्छ का निवाला बना काखड़.. देखिये

रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच बहने वाली रामगंगा नदी से एक रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो मंगलवार को सामने आया। यह दृश्य मर्चुला के प्रसिद्ध क्रोकोडाइल पॉइंटका बताया जा रहा है, जहां मगरमच्छ ने अपनी फुर्ती और घातक अंदाज से एक हिरण (काकड़) का शिकार किया।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वीडियो वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों द्वारा रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हिरण बेखबर होकर नदी किनारे पहुंचता है। जैसे ही हिरण मगरमच्छ के बेहद करीब पहुंचता है, मगरमच्छ बिजली की रफ्तार से हमला करता है, पलक झपकते ही वह अपने मजबूत जबड़ों में उसको जकड़ लेता है। जब तक हिरण कुछ समझ पाता, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। मगरमच्छ उसे तेजी से घसीटते हुए रामगंगा नदी के गहरे पानी में ले जाता है और कुछ ही क्षणों में दोनों पानी के भीतर ओझल हो जाते हैं। यह दृश्य जहां एक ओर पर्यटकों के लिए हैरान करने वाला था, वहीं वन्यजीवन की वास्तविकता को भी दर्शाता है कि जंगल में हर पल जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष चलता रहता है।

ईको सिस्टम का संतुलन

कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि यह प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। शिकारी और शिकार दोनों ही ईको सिस्टम का अहम अंग हैं। इस प्रकार की घटनाएं जंगल के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने यहां आने वाले पर्यटकों से सावधानी बरतने की गुजारिश की है। रामगंगा नदी और मर्चुला क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जहां प्रकृति का यह अनछुआ और वास्तविक रूप अक्सर देखने को मिल जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here