रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला लगातार जारी है। अलग-अलग जिलों में लगातार बर्फबारी से हालात बदतर हो रहे हैं। इस बीच केदारनाथ क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है।केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक बड़े हादसे की खबर है। केदरनाथ में लिनचोली के पास ग्लेशियर टूट गया है। थारू ग्लेशियर के टूटने से पैदव मार्ग पर बर्फ का सैलाब उमड़ गया। रास्ता कई जगहों से बर्बाद हो गया। फिलहाल खबर है कि पैदल मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस तरफ ग्लेशियर से पैदल रास्ता बंद हो गया है तो दूसरी तरफ केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों पर भी असर पड़ा है।रास्ते में घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इस वजह से जरूरत की चीजों की सप्लाई भी ठप हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिकारी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि ग्लेशियर टूटने से करीब 100 मीटर मार्ग तबाह हो गया है। डीडीएमए की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। रास्ते की मरम्मत की जा रही है। आपको बता दें कि उत्तराखंड में मौसम ऐसा बिगड़ा है कि अप्रैल के महीने में भी बर्फबारी हो रही है। जगह जगह लोगों को बर्फीली आफत का सामना करना पड़ा है। अब Kedarnath Glacier टूटने से आफत और बढ़ गई है।









