फ्री WiFi से बैंक खाते हो रहे खाली, पुलिस ने जारी किया साइबर ठगी का बड़ा अलर्ट

देहरादून: आज के डिजिटल युग में इंटरनेट हर किसी की जरूरत बन चुका है। घर, ऑफिस, होटल, कैफे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर लोग फ्री वाई-फाई का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। लेकिन यही सुविधा अब खतरे की घंटी बनती जा रही है।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने लोगों को चेतावनी दी है कि मुफ्त वाई-फाई का इस्तेमाल करते समय सावधानी बेहद जरूरी है। छोटी सी लापरवाही से हैकर्स आपका बैंक खाता खाली कर सकते हैं और निजी जानकारी चुरा सकते हैं।

कैसे फंसाते हैं हैकर्स?

साइबर अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाकों में फर्जी या असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क तैयार कर लेते हैं। जैसे ही कोई यूजर इन नेटवर्क से जुड़ता है, हैकर्स उसकी डिवाइस तक पहुंच बना लेते हैं और उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं।

बैंकिंग और डेटा पर सीधा खतरा

यदि यूजर ऐसे नेटवर्क पर इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, ई-मेल या सोशल मीडिया का उपयोग करता है, तो उसकी गोपनीय जानकारी आसानी से चोरी हो सकती है। इसके बाद हैकर्स बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं या ब्लैकमेलिंग भी कर सकते हैं। अक्सर भीड़भाड़ वाली जगहों पर कई ऐसे वाई-फाई नेटवर्क दिखते हैं, जिनमें पासवर्ड नहीं होता या जिनके नाम आकर्षक होते हैं। यही नेटवर्क असल में साइबर अपराधियों का जाल होते हैं। फ्री वाई-फाई से कनेक्ट होने पर मोबाइल या लैपटॉप में मालवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल हो सकता है। इससे आपकी निजी तस्वीरें, दस्तावेज और ई-मेल चोरी हो सकते हैं।

साइबर पुलिस की एडवाइजरी

केवल भरोसेमंद नेटवर्क का ही उपयोग करें
संवेदनशील कार्यों के लिए मोबाइल डेटा का इस्तेमाल करें
संदिग्ध नेटवर्क से दूर रहें
साइबर अपराध होने पर 1930 पर कॉल करें
cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें

ऐसे करें बचाव

फ्री WiFi पर इंटरनेट बैंकिंग या UPI ट्रांजेक्शन न करें
अनजान नेटवर्क से कनेक्ट होने से पहले जांच करें
ऑटो-कनेक्ट फीचर बंद रखें
पब्लिक WiFi पर पासवर्ड/बैंक डिटेल्स न डालें
उपयोग के बाद सभी अकाउंट से लॉगआउट करें

विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि पब्लिक वाई-फाई का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। वित्तीय लेनदेन के लिए हमेशा सुरक्षित नेटवर्क का ही इस्तेमाल करें।
फ्री वाई-फाई भले ही आसान और आकर्षक लगे, लेकिन यह आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here