प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानि की सोमवार को स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर देहरादून स्थित उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में भी स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उन्हें नमन किया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्व. बहुगुणा कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और प्रखर राजनेता थे। उन्होंने अपनी विलक्षण बौद्धिक प्रतिभा के बल पर भारतीय राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनायी। उनके द्वारा किए गए कार्य हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
सीएम धामी ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा जी ने उ.प्र. के मुख्यमंत्री तथा केन्द्र में मंत्री रहते हुए अनेक योजनाएं शुरू करवाई और प्रदेश हित के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। वह पर्वतीय राज्यों के विकास के लिये हमेशा तत्पर रहते थे। वहीं इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, मेयर सुनील उनियाल गामा आदि उपस्थित रहे।