देहरादून, उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है कि एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री पंकज भारद्वाज का चयन भारतीय पुरुष एवं महिला रोल बॉल टीम के फिटनेस कोच के रूप में 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 (दुबई) के लिए किया गया है।
यह विश्व स्तरीय प्रतियोगिता 14 से 18 दिसंबर 2025 तक दुबई में आयोजित की जा रही है, जिसमें विश्व के 24 देशों की टीमें भाग ले रही हैं। भारतीय पुरुष एवं महिला टीमें दुबई पहुंच चुकी हैं और शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
भ15 दिसंबर को खेले गए मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने ब्राज़ील को 11–2 से पराजित किया, वहीं भारतीय महिला टीम ने सऊदी अरब को 22–0 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। इन जीतों में खिलाड़ियों की उत्कृष्ट फिटनेस और तैयारी की अहम भूमिका रही।
विश्व कप से पूर्व भारतीय पुरुष एवं महिला टीम का एक माह का विशेष फिटनेस प्रशिक्षण शिविर पुणे में आयोजित किया गया, जिसका संचालन श्री पंकज भारद्वाज द्वारा किया गया। इस शिविर ने टीम की शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक मजबूती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में आयोजित 6वें रोल बॉल वर्ल्ड कप में भी श्री पंकज भारद्वाज को भारतीय टीम का “Chef de Mission” नियुक्त किया गया था, जो उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय स्तर पर विश्वास को दर्शाता है।
साथ ही यह भी गौरव का विषय है कि उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन की सचिव चित्रांजलि नेगी को रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 की कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है।
उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन के लिए यह अवसर राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। एसोसिएशन को पूर्ण विश्वास है कि भारतीय टीम इस विश्व कप में और भी शानदार प्रदर्शन करेगी।
— उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन









