देहरादून के उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारिता और महिला पत्रकारों की सहभागिता विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि वैद्य कुलम की संचालिका डॉ. मेघा बहुगुणा और देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. नेहा चोकसी ने की।
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिलाएं परिवार और पेशे के बीच संतुलन बनाते हुए अपने दायित्वों को बखूबी निभा रही हैं। आज महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मेघा बहुगुणा ने कहा कि पत्रकारिता एक बेहद चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है और इसमें महिलाओं का आना और भी कठिन हो जाता है। परिवार और काम दोनों को साथ लेकर चलना आसान नहीं होता, लेकिन महिलाएं हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहती हैं।
वहीं डॉ. नेहा चोकसी ने कहा कि महिलाएं अपने कार्य को पुरुषों की तुलना में अधिक ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करती हैं। यदि महिलाएं पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे आती हैं, तो समाज में मीडिया के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिला पत्रकारों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय राणा ने की, जबकि संचालन सांस्कृतिक समिति की संयोजक मीना नेगी ने किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संरक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनवर रावत, हिमांशु जोशी सहित प्रेस क्लब की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।









