उत्तराखंड: 150 मीटर खाई में गिरी कार, 11 महीने के मासूम सहित 3 लोगों की दर्दनाक मौत

अल्मोड़ा जिले से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली इलाके के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार बीते 26 फरवरी को कार संख्या DL 9C BH 8402 अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन बसौली के पास चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच पहुंचा, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना राहगीरों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आई, लेकिन सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाल लिया गया। कार में कुल 8 लोग सवार थे। जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई, और पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए।

मृतकों की पहचान

मंजू देवी (44 वर्ष), निवासी कांडे, ताकुला
दिनेश राम (50 वर्ष), निवासी झिझाड़, ताकुला
रेहान (11 माह), निवासी थपनिया, ताकुला
मासूम रेहान की मौके पर ही मौत हो गई। उसके माता-पिता जया (25 वर्ष) और महेश आर्या (25 वर्ष) घायल हैं और उनका इलाज जारी है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल भेजा गया है।

घायल लोगों की पहचान

जया (25 वर्ष), निवासी थपनिया
गोपाल राम (50 वर्ष), निवासी कांडे
संजय (21 वर्ष), निवासी कांडे
महेश आर्या (25 वर्ष), निवासी थपनिया
अर्जुन कुमार (36 वर्ष), निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली (ड्राइवर)

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि सभी यात्री दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने झिझाड़ गांव आए थे। वे वधू पक्ष के रिश्तेदार थे और वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here