रुड़की: जनपद हरिद्वार के रुड़की में देहरादून हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार सेना का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
घायल जवान की पहचान 33 वर्षीय धन प्रकाश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे और दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। घटना के समय वह बाइक से भगवानपुर जा रहे थे। हादसे में उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई थी। इस घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रुड़की स्थित गौशाला के पास एक निजी अस्पताल (जगन्नाथ अस्पताल) में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान धन प्रकाश की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इस खबर के फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
आरोप: गलत इंजेक्शन से बिगड़ी हालत
मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि धन प्रकाश को सही इलाज नहीं मिला। उनका कहना है कि कूल्हे में फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने के बजाय गलत इंजेक्शन लगा दिया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
जवान की मौत के बाद परिजनों और परिचितों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
नेताओं की भी एंट्री
दलित नेता योगेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ उसे सील करने की मांग की। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा देने की मांग की है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।








