ऋषिकेश में महिला से छेड़छाड़, भीड़ ने हरियाणी पर्यटकों को सड़क पर नग्न कर पीटा

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में बुधवार शाम उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों पर महिला से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप लगे। आरोपों के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पर्यटकों को सड़क पर घसीटकर जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना काली की ढाल क्षेत्र की है। हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही एक कार पेट्रोल पंप के पास धीमी हुई, तभी वहां मौजूद एक महिला ने आरोप लगाया कि कार में बैठे दो युवकों ने उसकी तरफ अश्लील इशारे किए और छेड़छाड़ का प्रयास किया। महिला की बात सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब स्थानीय लोगों ने पर्यटकों का विरोध किया, तो कार सवार युवक नीचे उतर आए और आरोपों को गलत बताते हुए बहस करने लगे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि भीड़ ने कार को घेर लिया। गुस्साए लोगों ने कार पर पत्थर फेंककर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर उनकी जमकर पिटाई की गई।

कपड़े फाड़े, सड़क पर घसीटकर पीटा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ इतनी उग्र हो गई कि एक युवक के कपड़े तक फाड़ दिए गए। वीडियो में एक युवक पूरी तरह नग्न हालत में दिखाई दे रहा है, जबकि लोग उसे लगातार पीटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि युवक कार में बैठकर 13-14 साल की लड़कियों के साथ भी अश्लील हरकत कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हंगामे की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और दोनों पर्यटकों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को पहले अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया और फिर उन्हें पुलिस चौकी ले जाया गया।

दोनों पक्षों ने नहीं दी कोई शिकायत

फिलहाल इस मामले में न तो पर्यटकों की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई गई है और न ही आरोप लगाने वाली महिला ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवक अपनी कार लेकर ऋषिकेश से निकल गए। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
कोतवाली ऋषिकेश के वरिष्ठ उप निरीक्षक, Bharat Singh ने कहा कि “जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पर्यटकों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है, लेकिन पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।”

कानून हाथ में लेने पर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक तरफ लोग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच जरूरी है और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here