रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के Rudraprayag जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि 8 अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन Srinagar से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा था। इसी दौरान नारकोटा और रुद्रप्रयाग के बीच झिरमोली क्षेत्र के पास चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन हाईवे के नीचे गुजर रही सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना सुबह करीब 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गए। जिसके बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस सेवा, स्थानीय पुलिस टीम और रेस्क्यू दल को रवाना किया गया।
स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 8 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं और चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में घायल चालक का इलाज जारी है
प्रशासन ने निगरानी की बात कही
अधिकारी Nandan Singh Rajwar ने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं एआरटीओ Dharmendra Bisht ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
पहाड़ी सड़कों पर बढ़ रहे हादसे चिंता का विषय
स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह तीखे मोड़ और संकरी सड़कें हैं। तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनता है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।









