हरियाणा वाले चलाते हैं हरिद्वार-ऋषिकेश का चूल्हा’, Harsh Chhikara बोला- “एक साल में ठिकाने आ जाएंगे ये लोग”

ऋषिकेश: Rishikesh में हरियाणा से आए पर्यटकों के साथ हुई मारपीट का मामला अब सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद बन गया है। घटना के बाद हरियाणा के चर्चित यूट्यूबर Harsh Chhikara ने वीडियो जारी कर उत्तराखंड के लोगों और स्थानीय भीड़ पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, तीन दिन पहले ऋषिकेश के काले की ढाल इलाके में स्थानीय लोगों ने लड़की के साथ छेड़छाड़ के आरोप में हरियाणा से आए युवकों की जमकर पिटाई कर दी थी। आरोप है कि उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई और युवकों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इंटरनेट पर वायरल वीडियो में Harsh Chhikara ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश की अर्थव्यवस्था में हरियाणा से आने वाले पर्यटकों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा “हरिद्वार और ऋषिकेश को हरियाणा का आदमी चलाता है। इनके चूल्हे हम चलाते हैं। एक साल तक हरियाणा के लोगों को हरिद्वार और ऋषिकेश जाना बंद कर देना चाहिए।” यूट्यूबर ने दावा किया कि हरियाणा के लोग भले ही ऊंची आवाज में बात करें या दिखावा करें, लेकिन लड़कियों से छेड़छाड़ जैसी हरकत नहीं करते।

“छेड़छाड़ हुई ही नहीं” — वायरल बयान से बढ़ा विवाद

Harsh Chhikara ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि जिस महिला को लेकर विवाद हुआ, उसकी मां ने बाद में बयान दिया कि लड़की के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई थी। हर्ष छिकारा ने कहा कि हरियाणा के लोग भले ही शोर-शराबा करें, बहस कर लें या दिखावे के लिए अलग-अलग हरकतें करते नजर आएं, लेकिन किसी छोटी बच्ची के साथ गलत व्यवहार नहीं करेंगे।उसने आरोप लगाया कि ऋषिकेश में हरियाणा से गए दो युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा और उनकी नई कार को भी नुकसान पहुंचाया। हर्ष छिकारा ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी हरिद्वार के हर की पैड़ी पर हरियाणा के युवकों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उसके मुताबिक, सिर्फ तेज आवाज में बहस हो रही थी, तभी भीड़ इकट्ठा हो गई और युवकों पर हमला कर दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के बयान का हवाला देते हुए कहा कि शुरुआती जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है। 21 मई को Rishikesh के काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला और हरियाणा से आए कुछ युवकों के बीच कथित गलतफहमी हो गई थी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने युवकों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक थापा और नरेश कश्यप के रूप में हुई है, जो काले की ढाल इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। यह मामला अब सोशल मीडिया पर दो राज्यों के लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है। कुछ लोग पर्यटकों के साथ हुई हिंसा की निंदा कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स स्थानीय लोगों के व्यवहार को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि कई लोगों ने यह भी कहा कि कानून अपने हाथ में लेना किसी भी परिस्थिति में सही नहीं है।

Haridwar और Rishikesh देश के सबसे बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में गिने जाते हैं। हर साल लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं, जिनमें बड़ी संख्या हरियाणा, दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की होती है। ऐसे मामलों से पर्यटन उद्योग और राज्यों के बीच सामाजिक संबंधों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here