उत्तराखंड: बदरीनाथ हाईवे पर बस और बुलेट की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौके पर ही मौत

टिहरी गढ़वाल: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के मूल्यागांव के पास मंगलवार सुबह बस की टक्कर से बुलेट बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्रशासन ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देवप्रयाग क्षेत्र के मूल्यागांव के पास कर्णप्रयाग जा रही एक बस और सामने से आ रही बुलेट बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा सुबह करीब 9:05 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सरकारी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बस के बोनट में फंस गई बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक बस के अगले हिस्से से टकराकर उसका बोनट तोड़ते हुए उसी में फंस गई। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।मौके पर मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद की।

दुर्घटना के कारणों की जांच

समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना में शामिल दोनों बाइक सवारों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने और परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह आमने-सामने की टक्कर का मामला माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here