देहरादून होटल प्राइड प्रीमियर सॉलिटेयर, देहरादून में आयोजित एपेक्स स्पोर्ट्स द्वितीय हेयबॉल राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 का समापन शानदार एवं रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि परमपूज्य श्री ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज रहे। समापन समारोह में बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (BSFI) के अध्यक्ष एस. बालासुब्रमण्यम (बेंगलुरु, कर्नाटक), बीएसएफआई के उपाध्यक्ष विजय गोयल, बीएसएफआई के कोषाध्यक्ष रतन कुमार, दिल्ली बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के सचिव मनमीत भाटिया तथा देवभूमि बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के सचिव पंकज कुकरेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पुरुष वर्ग में पीएसपीबी के लक्ष्मण रावत तथा महिला वर्ग में कर्नाटक की नताशा चेतन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय हेयबॉल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष वर्ग के परिणाम
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में लक्ष्मण रावत (पीएसपीबी) ने तेलंगाना के हिमांशु जैन को 7-5 से हराया। पीएसपीबी के बृजेश दमानी ने महाराष्ट्र के शिवम अरोड़ा को 9-6 से पराजित किया। उत्तर प्रदेश के पारस गुप्ता ने हरियाणा के अभिनव धीमान को 8-6 से शिकस्त दी, जबकि हरियाणा के दिव्य शर्मा ने आरएसपीबी के कमल चावला को 9-6 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में हरियाणा के दिव्य शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पारस गुप्ता को बेहद रोमांचक मुकाबले में 7-6 से हराया। वहीं पीएसपीबी के लक्ष्मण रावत ने अपने ही साथी खिलाड़ी बृजेश दमानी को 8-4 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में लक्ष्मण रावत ने हरियाणा के दिव्य शर्मा को 11-6 से हराकर पुरुष हेयबॉल का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग के परिणाम
महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक की विद्या पिल्लई ने तमिलनाडु की अनुपमा रामचंद्रन को 5-3 से हराया। कर्नाटक की नताशा चेतन ने कीर्तन पांडियन को 4-3 से मात दी। कर्नाटक की वर्षा संजीव ने मध्य प्रदेश की एमी कमानी को 6-6 की बराबरी के बाद शूटआउट में पराजित किया। वहीं तमिलनाडु की एल. श्रुति ने नीना प्रवीण को 6-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में नताशा चेतन ने एल. श्रुति को 5-2 से हराया, जबकि वर्षा संजीव ने विद्या पिल्लई को 4-3 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
महिला वर्ग के फाइनल में नताशा चेतन ने वर्षा संजीव को 5-3 से पराजित कर राष्ट्रीय हेयबॉल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारत में हेयबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं क्यू स्पोर्ट्स को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। देशभर से आए खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।








