देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अलग-अलग क्षेत्रों से आत्महत्या के तीन मामले सामने आने से सनसनी फैल गई। इन घटनाओं में एक 16 वर्षीय किशोर और दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस को किसी भी मामले में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस प्रत्येक मामले में आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
पहली घटना रायपुर थाना क्षेत्र के नथुवावाला की है। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 6:15 बजे सूचना मिली कि एक 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। किशोर को तत्काल रायपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किशोर पढ़ाई को लेकर परेशान हो सकता था, हालांकि पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मॉल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले युवक ने दी जान
दूसरी घटना डालनवाला थाना क्षेत्र के एकता विहार, हाथीबड़कला की है। पुलिस को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगा ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। रोशनदान का शीशा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान शीतल शुक्ला (23) निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह देहरादून के एक मॉल में स्थित रेस्टोरेंट में काम करता था और अपने दो साथियों के साथ किराये पर रहता था। उसकी करीब एक वर्ष पहले शादी हुई थी। घटना के समय उसके दोनों साथी काम पर गए हुए थे। रात में लौटने पर घटना का पता चला। पुलिस को कमरे से कोई संदिग्ध वस्तु या सुसाइड नोट नहीं मिला।
आमवाला में युवक ने पंखे से लटककर दी जान
तीसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के वैदिकपुरम, आमवाला की है। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि अजय नेगी (27) ने अपने कमरे में चादर का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही परिजन शव को नीचे उतार चुके थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।
पुलिस कर रही तीनों मामलों की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। सभी घटनाओं की जांच की जा रही है और परिजनों व अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।









