उधमसिंह नगर: ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना अक्टूबर 2025 की बताई जा रही है। परिवार को घटना की जानकारी तब हुई, जब उससे संबंधित एक आपत्तिजनक वीडियो उनके संज्ञान में आया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने बाजपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ब्लैकमेल के आरोप की भी जांच
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पीड़िता का पिता ट्रक चालक है, जिस कारण उन्हें अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर ही रहना पड़ता है. उन्होंने अपने मकान का एक कमरा एक युवक को किराये पर दे रखा था. उसी किरायेदार ने 24 अक्टूबर 2025 को 13 साल की किशोरी को बहाने से अपने कमरे में बुलाया, और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इसी दौरान नाबालिग बच्ची की अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए। जिसके बाद आरोपी युवक नाबालिग को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार दुष्कर्म करने लगा।
जिसके बाद आरोपी ने वो विडियो अपने दोस्त को भी भेज दिया, बाद में इसी आधार पर दूसरा आरोपी भी किशोरी को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर कर रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, फोरेंसिक जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन और संबंधित वीडियो की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि सभी तथ्यों की पुष्टि हो सके। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार के यौन अपराध, ब्लैकमेल या साइबर शोषण से जुड़ी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसे मामलों में पीड़ित की पहचान गोपनीय रखी जाती है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाती है।









