उधमसिंह नगर: रुद्रपुर में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक जिले में छह उप निरीक्षकों और एक अपर उप निरीक्षक समेत सात पुलिसकर्मियों की नई तैनाती की गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह रवाना होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार उप निरीक्षक महेश कांडपाल का तबादला कोतवाली ट्रांजिट कैंप से रुद्रपुर कोतवाली किया गया है। उन्हें एसएसआई द्वितीय, कोतवाली रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रुद्रपुर कोतवाली जिले की प्रमुख कोतवालियों में शामिल है। ऐसे में महेश कांडपाल की यहां तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुकेश मिश्रा को ट्रांजिट कैंप भेजा
उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का तबादला कोतवाली गदरपुर से कोतवाली ट्रांजिट कैंप किया गया है। उन्हें यहां वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल का स्थानांतरण कोतवाली सितारगंज से कोतवाली गदरपुर किया गया है।
खटीमा क्षेत्र में भी बदली जिम्मेदारियां
पुलिस फेरबदल में खटीमा क्षेत्र के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। उप निरीक्षक किशोर पंत, जो कोतवाली खटीमा में तैनात थे, को मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं मझोला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय का तबादला कोतवाली खटीमा किया गया है। इसके अलावा महिला उप निरीक्षक संतोषी का स्थानांतरण थाना झनकईया से कोतवाली खटीमा किया गया है।
विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन से संबद्ध किया
कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल नई तैनाती पर पहुंचकर अपनी आमद दर्ज कराएं।
कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस
पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी।
तबादले की पूरी सूची
महेश कांडपाल: कोतवाली ट्रांजिट कैंप से स्थानांतरित कर एसएसआई द्वितीय, रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
मुकेश मिश्रा: कोतवाली गदरपुर से स्थानांतरित कर वरिष्ठ उप निरीक्षक, ट्रांजिट कैंप बनाया गया है।
सुरेंद्र सिंह रिंगवाल: कोतवाली सितारगंज से स्थानांतरित कर कोतवाली गदरपुर भेजा गया है।
किशोर पंत: कोतवाली खटीमा से स्थानांतरित कर मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है।
राकेश राय: मझोला चौकी प्रभारी से स्थानांतरित कर कोतवाली खटीमा भेजा गया है।
संतोषी: थाना झनकईया से स्थानांतरित कर कोतवाली खटीमा भेजी गई हैं।
विनीता मेहर: कोतवाली रुद्रपुर से स्थानांतरित कर महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।









