बदरीनाथ धाम के तप्त कुंड में 108 डुबकी बनी जानलेवा! दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की मौत

चमोली: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तप्त कुंड में स्नान करने के दौरान राजस्थान से आईं दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार राजस्थान से तीर्थ यात्रियों का एक दल 4 सितंबर को बदरीनाथ धाम पहुंचा था। शुक्रवार सुबह करीब चार महिलाएं और एक पुरुष तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद पुरुष मंदिर की ओर चला गया, जबकि चारों महिलाएं तप्त कुंड में डुबकी लगाने लगीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं धार्मिक परंपरा के तहत 108 बार डुबकी लगा रही थीं। इसी दौरान दो बुजुर्ग महिलाएं अचानक बेहोश हो गईं और कुंड के अंदर गिर पड़ीं। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ गई हालत

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here