देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में आने वाले देवभूमि लाखामंडल और पठीन क्षेत्र में सड़क और प्राचीन रास्तों की बदहाल स्थिति को लेकर अब मामला जिलाधिकारी तक पहुंच गया है। क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और खराब रास्तों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा ने जिलाधिकारी देहरादून को पत्र भेजकर जिला योजना 2026-27 के तहत स्वीकृत योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। वहीं, लाखामंडल में विकास और पर्यटन योजनाओं को लेकर भाजपा से जुड़े नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए हैं।लाखामंडल… अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान के लिए जाना जाने वाला क्षेत्र। लेकिन क्षेत्र की सड़कों और पुराने रास्तों की बदहाल स्थिति को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।इसी बीच लाखामंडल क्षेत्र में विकास और पर्यटन योजनाओं को लेकर भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला भी सामने आया है।
बचना शर्मा का आरोप है कि क्षेत्र के लिए स्वीकृत कई विकास और पर्यटन योजनाओं को कथित तौर पर रुकवाया गया। उन्होंने गीता राम गौड़ पर आरोप लगाया कि सरकार से स्वीकृत योजनाओं के बावजूद क्षेत्र में काम आगे नहीं बढ़ पाया।
बचना शर्मा के मुताबिक, सांसद राजलक्ष्मी शाह की सहायता से करीब पांच लाख रुपये की लागत से लोगों के लिए पानी की प्याऊ की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बाद में उसे भी समाप्त कर दिया गया।
इसके अलावा वाहन सुविधा से जुड़ी व्यवस्था खत्म कराने और गिरिया पछाड़ के रास्ते तथा पर्यटन विभाग की जिला योजना के तहत कोटिया थाना जाने वाले मार्ग से संबंधित योजनाओं को रुकवाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा नेता ने गीता राम गौड़ द्वारा खुद को राज्यमंत्री बताए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि वह परिषद के सदस्य हैं, जबकि कथित तौर पर खुद को राज्यमंत्री बताया जाता है।
हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का जवाब इस रिपोर्ट में शामिल किया जाना बाकी है।
बचना शर्मा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और विकास योजनाओं को कथित तौर पर बाधित करने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।









