भूमि धोखाधड़ी में दो साल से फरार ₹15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, दुबई भाग गया था

देहरादून। थाना प्रेमनगर पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। भारत लौटने के बाद भी वह अपने घर जाने के बजाय एक गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, कोल्हूपानी नंदा की चौकी, प्रेमनगर निवासी युवराज क्षेत्री ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उनके साथ 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 255/24, धारा 420/120बी भादवि के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मामले का अभियुक्त बृजमोहन सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। इसके बाद पुलिस टीम लगातार गोपनीय तरीके से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाती रही और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान पुलिस को बृजमोहन सिंह के भारत वापस लौटने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर प्रेमनगर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, भारत लौटने के बाद आरोपी अपने घर जाने के बजाय एक गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था।

पुलिस टीम ने 25 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी बृजमोहन सिंह सिन्धवाल को बद्री विशाल गेस्ट हाउस के पास, रिस्पना रोड से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त

बृजमोहन सिंह सिन्धवाल पुत्र वीर सिंह, निवासी ग्राम मिढावाला, रामनगर डाण्डा, थाना रानीपोखरी, जनपद देहरादून।

पुलिस टीम

  • उ0नि0 गिरीश नेगी, थानाध्यक्ष प्रेमनगर
  • व0उ0नि0 संजय रावत
  • उ0नि0 प्रद्युम्न सिंह नेगी
  • हे0का0 किरण कुमार, एसओजी
  • कानि0 रॉबिन सिंह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here