देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 अब अपने निर्णायक और रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले आज, गुरुवार 1 अक्टूबर, को देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास आमने-सामने होंगी।
लीग चरण में दोनों टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा। देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास ने 8-8 अंक हासिल किए। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के आधार पर देहरादून वॉरियर्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही, जबकि हरिद्वार एल्मास दूसरे स्थान पर रही। दोनों टीमों ने बुधवार को अपने-अपने महत्वपूर्ण मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह पक्की की।
क्रिकेट के साथ संगीत और मनोरंजन का तड़का
UPL 2026 के फाइनल को यादगार बनाने के लिए आयोजकों की ओर से क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी खास इंतजाम किया गया है। फाइनल मुकाबले के दौरान मशहूर गायक मासूम शर्मा और लोकप्रिय परफॉर्मर प्रांजल दहिया अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उनकी परफॉर्मेंस से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।
दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क
फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास बात यह है कि स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। ऐसे में देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेट प्रेमी बिना टिकट के स्टेडियम पहुंचकर फाइनल मुकाबले और समापन समारोह का आनंद ले सकेंगे।
सात टीमों ने लिया पुरुष वर्ग में हिस्सा
उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के पुरुष वर्ग में इस बार कुल सात टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें देहरादून वॉरियर्स, हरिद्वार एल्मास, नैनीताल टाइगर्स, पिथौरागढ़ हरिकेन्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, टिहरी टाइटंस और यूएसएन इंडियंस शामिल रहीं।
टूर्नामेंट की शुरुआत 21 सितंबर को महिला वर्ग के मुकाबलों के साथ हुई थी, जबकि पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता का आगाज 22 सितंबर से हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट प्रशंसकों का मनोरंजन किया।
उद्घाटन समारोह में दिखी उत्तराखंड की संस्कृति
UPL 2026 का उद्घाटन समारोह भी खास आकर्षण का केंद्र रहा था। समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर की डांस परफॉर्मेंस ने उद्घाटन समारोह में दर्शकों का उत्साह बढ़ाया था।
अब सभी की नजरें 1 अक्टूबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले पर हैं। देहरादून वॉरियर्स और हरिद्वार एल्मास के बीच होने वाला यह मुकाबला तय करेगा कि UPL 2026 की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।







