रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं बीकेटीसी के करीब 300 स्थायी कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन पर उतर आए हैं। कर्मचारियों ने मंदिर परिसर में क्रमिक अनशन शुरू करते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी दी है।
केदारनाथ धाम में एक ओर बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी हैं, तो दूसरी ओर मंदिर के सामने कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के करीब 300 स्थायी कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मंदिर परिसर में शुरू किया क्रमिक अनशन
लंबे समय से मांगें पूरी नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने मंदिर परिसर में क्रमिक अनशन शुरू किया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, कर्मचारी एक सप्ताह तक रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अनशन पर बैठेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि इस आंदोलन के जरिए वे अपनी लंबित मांगों की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो वे अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल कर्मचारियों के आंदोलन के बीच केदारनाथ धाम में यात्रा जारी है। अब देखना होगा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर संबंधित स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।









