अमित शाह का देवभूमि दौरा प्रेरणादायी, उत्तराखंड में नई ऊर्जा का संचार हुआ: सतपाल महाराज

देहरादून। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का देवभूमि दौरा अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उनके दौरे से प्रदेश में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। साथ ही यह राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। उन्होंने कहा कि यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि राज्य निर्माण के संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है। 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को संवारने और विकास की नई दिशा देने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के लिए दिए गए उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

महाराज ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड आना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के ऐतिहासिक निर्णय और सहकारिता के माध्यम से गांवों को सशक्त बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमांत राज्य उत्तराखंड के प्रति केंद्र सरकार की चिंता और सहयोग सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और मुख्यमंत्री के ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चारधाम यात्रा को सुगम बनाने, केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार का प्रयास पर्यटन को केवल चारधाम तक सीमित रखने के बजाय वाइब्रेंट विलेज, होम-स्टे और प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति तक पहुंचाना है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

उन्होंने ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और देहरादून के परेड ग्राउंड सहित प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण को राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि 26 वर्ष का युवा उत्तराखंड अब नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य पलायन रोकना, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और प्रदेश की सांस्कृतिक जड़ों एवं पहचान को संरक्षित रखना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here