अंकिता भंडारी के माता-पिता पहुंचे मातृ सदन, स्वामी शिवानंद सरस्वती से मांगा न्याय की लड़ाई में सहयोग

मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने की उठाई मांग, स्वामी शिवानंद ने दिया समर्थन

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उनके माता-पिता ने बुधवार को हरिद्वार स्थित मातृ सदन पहुंचकर संस्थापक स्वामी शिवानंद सरस्वती से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले में न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए मातृ सदन से सहयोग मांगा। साथ ही मीडिया से बातचीत में मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता एवं पूर्व दर्जाधारी विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी उठाई।

अंकिता के माता-पिता ने मुलाकात के दौरान मामले की जांच और अब तक सामने आए तथ्यों को लेकर अपनी चिंताएं स्वामी शिवानंद सरस्वती के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बीत जाने के बावजूद परिवार को कई अहम सवालों के जवाब नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

इस दौरान स्वामी शिवानंद सरस्वती ने अंकिता के माता-पिता की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए उसके माता-पिता को लगातार संघर्ष और भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे परिवार की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और मामले में निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

अंकिता के माता-पिता ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे चाहते हैं कि इस जघन्य अपराध से जुड़े प्रत्येक तथ्य का खुलासा हो और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को कानून की कार्रवाई से बचने का अवसर न मिले।

स्वामी शिवानंद सरस्वती ने परिवार को भरोसा दिलाया कि अंकिता को न्याय दिलाने की उनकी मांग में मातृ सदन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने मामले में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here