नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया और उत्तराखंड के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय उत्पादों से परिचित कराते हुए विशेष उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस मुलाकात के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और विशिष्ट स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का संदेश भी दिया गया।









