पिथौरागढ़ में मुनस्यारी में पहाड़ी से गिरा बोल्डर, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। धापा-मिलम मोटर मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से बाइक सवार दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में मजदूरी करते थे। मंगलवार को दोनों बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सियूनी नामक स्थान पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया। हादसे में ग्राम साईंपोलो निवासी 26 वर्षीय भुवन कुमार पुत्र नरी राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल प्रदीप कुमार को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

विधायक हरीश धामी ने उठाई सीटी स्कैन सुविधा की मांग

हादसे के बाद क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी ने मुनस्यारी में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों और घायलों को जांच एवं उपचार के लिए दूसरे शहरों में भेजना पड़ता है। ऐसे में मुनस्यारी में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here