बिंदुखत्ता समेत चार क्षेत्रों की भूमि होगी अनारक्षित, कैबिनेट की सैद्धांतिक मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड कैबिनेट ने वन भूमि पर बसे बिंदुखत्ता, बापूग्राम, बग्गा चौवन और अंजनी (बिनसर) की भूमि को अनारक्षित करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इस फैसले से चारों क्षेत्रों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की दिशा में रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

कैबिनेट की सहमति के बाद वन विभाग भूमि को अनारक्षित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। इन क्षेत्रों के निवासी लंबे समय से राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं।

लंबे समय से हो रही थी मांग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत सोमवार को बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग पर कहा था कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया था कि बिंदुखत्ता के साथ खटीमा के बग्गा चौवन और ऋषिकेश के बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को भी राजस्व ग्राम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन क्षेत्रों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here