उत्तराखंड हलाला केस में नया मोड़: पीड़िता के भाई का मोबाइल हैक, आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: उत्तराखंड के चर्चित हलाला मामले में अब एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। यूसीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया है कि मामले में नामजद एक आरोपी ने उसका मोबाइल हैक कर महत्वपूर्ण डाटा डिलीट कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुग्गावाला निवासी सलमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसने क्लेमेंटटाउन निवासी रहमान से एक वेबसाइट बनवाई थी। वेबसाइट बनाने के दौरान आरोपी ने उसकी जीमेल आईडी, पासवर्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड की जानकारी ली थी। सलमान का आरोप है कि इन्हीं जानकारियों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी ने उसका मोबाइल अपने नियंत्रण में ले लिया और उसमें मौजूद जरूरी डाटा डिलीट कर दिया।

महत्वपूर्ण डाटा डिलीट करने का दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके मोबाइल से कई जरूरी फाइलें और डाटा अचानक गायब हो गए। उसे आशंका है कि आरोपी ने न केवल डाटा डिलीट किया बल्कि उसे अपने पास सुरक्षित भी रख लिया है। सलमान ने यह भी आशंका जताई कि भविष्य में उस डाटा का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी आधार पर उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया मुकदमा

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रहमान के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच साइबर सेल को भी सौंपी गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुष्टि की है कि हलाला मामले के एक आरोपी के खिलाफ मोबाइल हैकिंग और डाटा डिलीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सलमान की बहन ने अपने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ यूसीसी एक्ट के तहत हलाला का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में रहमान भी नामजद आरोपियों में शामिल है। ऐसे में मोबाइल हैकिंग और डाटा डिलीट करने की घटना को हलाला मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला जांच को प्रभावित करने या पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश तो नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here