देहरादून: देहरादून के भुड्डी गांव में घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार किल्लत से लोगों का धैर्य टूट गया। शुक्रवार सुबह महिलाओं ने Shimla Bypass पर सड़क जाम कर दिया और गैस एजेंसी संचालक व जिला आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से भुड्डी गांव और आसपास के इलाकों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह ठप है। लोगों का कहना है कि उन्होंने 15 से 20 दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक सप्लाई नहीं हुई। रोज एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद हर बार “स्टॉक नहीं है” कहकर वापस भेज दिया जाता है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई परिवारों को खाना बनाने के लिए लकड़ी और कोयले का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह करीब 9 बजे भुड्डी गांव की करीब 50 महिलाएं सड़क पर उतर आईं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने एजेंसी संचालक के खिलाफ नारे लगाए और आपूर्ति विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की। कुछ ही देर में पुरुष भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गए और सभी ने मिलकर सड़क पर बैठकर ट्रैफिक रोक दिया। प्रदर्शन के चलते Shimla Bypass पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।









