राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के स्थित वार्ड 57 क्षेत्र अंतर्गत रिस्पना नगर में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम से हुई थी। शहबाज देहरादून में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत है। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।परिजनों के मुताबिक, 18 फरवरी 2026 की रात कहकशा ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है। इस मांग को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद 3 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे भी उसने फोन कर बताया कि उसके पति, सास-ससुर, देवर और ननद पैसों को लेकर नाराज हैं और माहौल तनावपूर्ण है।
उसी दिन देर रात लगभग 1:30 बजे मृतका के पिता को उसके ससुर यासीन का फोन आया, जिसमें कहा गया कि कहकशा की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन देहरादून पहुंचे और दून अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में लाया गया था।मायके पक्ष का आरोप है कि पति शहबाज आलम, सास खुर्शीदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के बाद उसकी हत्या की।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी शहबाज आलम को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।









