रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गौरीकुंड और रामपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनाओं के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना गौरीकुंड क्षेत्र की है, जहां शटल पार्किंग के पास एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से शव को बाहर निकाला। गौरीकुंड चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह रावत ने बताया कि मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरुण सिंह पुत्र आनंद सिंह निवासी खेड़ा तुंगला, गुप्तकाशी, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है।
रामपुर के पास मिला दूसरा शव
वहीं दूसरी घटना सोनप्रयाग क्षेत्र के रामपुर के निकट कालाढूंगी गदेरे के पास सामने आई। यहां एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली सोनप्रयाग प्रभारी नीलाभ खालि ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही पुलिस दोनों मामलों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यात्रा सीजन के बीच बढ़ी चिंता
केदारनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं ताकि मौतों के कारणों का जल्द पता लगाया जा सके।









