उत्तराखंड: 24 साल की ग्राम प्रधान चर्चा में, वायरल VIDEO के बाद मचा बवाल… जानिए कौन है विरमा रावत?

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के थलीसैंण ब्लॉक स्थित मरोड़ा ग्राम पंचायत की युवा ग्राम प्रधान विरमा (वीरा) रावत इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वायरल वीडियो में गांव की प्रधान और एक बुजुर्ग व्यक्ति के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और इसे लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

 

 

वायरल वीडियो में ग्राम प्रधान विरमा रावत और गांव के एक बुजुर्ग व्यक्ति के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में बुजुर्ग व्यक्ति ग्राम प्रधान के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए नजर आ रहा है। दोनों के बीच बातचीत काफी तीखी होती सुनाई देती है। ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो खुद रिकॉर्ड किया था ताकि पूरे घटनाक्रम का सबूत मौजूद रहे और लोगों के सामने सच्चाई आ सके।

 

चरित्र को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप

ग्राम प्रधान विरमा रावत का आरोप है कि संबंधित बुजुर्ग व्यक्ति उनके चरित्र को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भ्रामक और गलत बातें फैला रहा था। उन्होंने इस संबंध में सीधे जाकर उस व्यक्ति से बात की। जब उन्होंने इस विषय पर सवाल किया तो बुजुर्ग व्यक्ति भड़क गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने उनका हाथ पकड़कर खींचा और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरमा रावत ने बताया कि उन्होंने अपनी सुरक्षा और घटना का प्रमाण रखने के लिए वीडियो रिकॉर्ड किया। उनका कहना है कि वीडियो रिकॉर्ड करने का उद्देश्य केवल यह दिखाना था कि उनके खिलाफ किस तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।

 

पुलिस तक पहुंचा मामला

घटना के बाद ग्राम प्रधान विरमा रावत ने थलीसैंण पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना दी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायती पत्र भी सौंपा। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थलीसैंण थाने बुलाया। वहां बुजुर्ग व्यक्ति ने लिखित रूप से माफी मांगी। हालांकि, ग्राम प्रधान का आरोप है कि माफी मांगने के बाद भी उन्हें दोबारा धमकाने की कोशिश की गई। विरमा रावत ने बताया कि ग्राम प्रधान बनने के बाद उन्होंने गांव में शराबबंदी को लेकर सख्त फैसला लिया। उनका उद्देश्य गांव में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति को खत्म करना और गांव के विकास को नई दिशा देना था। उन्होंने कहा कि वह लगातार गांव के विकास कार्यों में जुटी हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उनके चरित्र को लेकर गलत अफवाहें फैला रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here