देहरादून हिंसा: BJP नेता की हत्या के बाद तनाव, आगजनी-पथराव से दहशत.. रातोंरात घर छोड़ गए कई परिवार

देहरादून: सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी की तैनाती की है। गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। घटना के बाद कुछ परिवारों ने एहतियातन अपने रिश्तेदारों के यहां अस्थायी रूप से शरण ली है। गांव के कई हिस्सों में सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी विनोद कुमार और उनके भाइयों पर हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके भाई भी घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। हत्या की खबर फैलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग गांव में एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया। कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी बनी, जिसके बाद सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दून-पांवटा साहिब हाईवे सहित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और आईटीबीपी के जवान लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और किसी भी तरह की अफवाह या तनावपूर्ण स्थिति को रोका जा सके। पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में नामजद और अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या से सख्ती से निपटा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here