पिथौरागढ़: टनकपुर-तवाघाट हाईवे समेत 22 सड़कें बंद, भारी बारिश से पुलिया बही.. नंदा देवी बेस कैंप का संपर्क टूटा

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग तवाघाट के पास बंद हो गया है, जबकि चीन सीमा तक जाने वाले प्रमुख मार्गों समेत जिले की 22 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। लगातार हो रही बारिश से नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते टनकपुर-तवाघाट हाईवे, तवाघाट-लिपुलेख मार्ग, मुनस्यारी-धापा-मिलम मार्ग, थल-मुनस्यारी मार्ग सहित कुल 22 सड़कें बंद हो गई हैं। इन मार्गों के बाधित होने से सीमांत क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

ल्वा गांव की पुलिया बही, नंदा देवी बेस कैंप का संपर्क कटा

चीन सीमा से लगे मल्ला जोहार क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ल्वा गांव के पास उफनाए नाले में बनी पुलिया बह गई। पुलिया बहने से नंदा देवी बेस कैंप ट्रेक और माइग्रेशन गांव ल्वा का संपर्क पूरी तरह कट गया है। तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल इस ट्रैकिंग रूट पर किसी ट्रैकिंग दल के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है। लगातार बारिश के चलते जिले की काली नदी, गोरी गंगा, धौली गंगा, रामगंगा, मंदाकिनी, सेरा और जाकुर समेत सभी प्रमुख नदियां और बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन क्षेत्रों में हुई सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों में पिथौरागढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 102 मिमी वर्षा डीडीहाट में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद थल में 83 मिमी, तेजम में 73 मिमी, बेरीनाग में 72 मिमी, कनालीछीना में 53 मिमी और देवलथल में 50 मिमी बारिश हुई। वहीं धारचूला में 38.4 मिमी, मुनस्यारी में 36.4 मिमी, पिथौरागढ़ मुख्यालय में 34.4 मिमी, गणाई गंगोली में 30 मिमी और गंगोलीहाट में 27 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि मंगलवार सुबह तक जिले के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहा।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। बंद सड़कों को खोलने और प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here