देहरादून: देहरादून में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने राजीव स्वरूप की मां को लेकर बेहद अभद्र टिप्पणी की, जिससे न केवल संबंधित अधिकारी बल्कि अनुसूचित समाज की भावनाएं भी आहत हुईं। इस मामले में नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार चुक्खूवाला निवासी सागर सोनकर ने पुलिस में शिकायत दी कि केशव थलवाल नाम का व्यक्ति लंबे समय से सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ‘केशव सिंह’ नाम से फेसबुक आईडी चलाता है और विभिन्न पेजों पर भड़काऊ पोस्ट करता रहता है। हाल ही में उसने एक फोटो पोस्ट की, जिसमें अपनी तस्वीर के साथ IG की फोटो लगाकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। जिसमें IG की मां के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है।
समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी की पोस्ट का उद्देश्य समाज विशेष को नीचा दिखाना था। इस पोस्ट से अनुसूचित जाति समाज में आक्रोश फैल गया और लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल, यह मामला पहले भी चर्चा में रहे केशव थलवाल प्रकरण से जुड़ा हुआ है। करीब छह महीने पहले केशव थलवाल ने आरोप लगाया था कि उसे टिहरी जिले में मसूरी रोड से हिरासत में लेकर कोटी कॉलोनी थाने में उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया था। उस समय इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे।
जांच में नहीं मिले आरोपों के सबूत
इस पूरे प्रकरण की जांच राजीव स्वरूप के निर्देश पर कराई गई थी। जांच के दौरान सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की गई, लेकिन आरोपी द्वारा लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले। जांच रिपोर्ट में इंस्पेक्टर धर्मेंद्र रौतेला के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार पाए गए और उन्हें क्लीन चिट दे दी गई।
पुलिस जांच जारी, आगे होगी कार्रवाई
नगर कोतवाली प्रभारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।








