रुड़की: जनपद हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में एक महिला ने स्थानीय युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि युवक ने प्रेम संबंध में आकर महिला के साथ संबंध बनाए। बाद में कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ देकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर, सोशल मीडिया पर मोबाइल नंबर के साथ वायरल कर दी।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है। उसका अपने पति से तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है। वर्तमान में वह रुड़की में नौकरी करती है, जबकि उसकी बेटी बिजनौर में रहकर पढ़ाई कर रही है। महिला के अनुसार, इसी दौरान उसकी आरोपी युवक से पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि जब उसने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने से इनकार करते हुए तलाक के बाद शादी करने की बात कही, तो युवक नाराज हो गया।
आरोपी ने कथित रूप से नशीला पदार्थ देकर महिला की अश्लील वीडियो बनाई और बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दी। इतना ही नहीं, पोस्ट के साथ महिला का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया, जिससे उसे लगातार अनजान लोगों के फोन और आपत्तिजनक संदेश आने लगे। महिला का कहना है कि इस घटना के बाद उसकी मानसिक परेशानी काफी बढ़ गई है। महिला ने सिविल लाइन कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो और मोबाइल नंबर साझा किए जाने के बाद उसकी निजता और सुरक्षा प्रभावित हुई है।
पुलिस कर रही है जांच
सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









