विकासनगर में खाई में गिरी बोलेरो, दो लोगों की मौत, पांच घायल

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले में गुरुवार को हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर एक बोलेरो जीप दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा धमोग मंदिर से पहले हुआ। वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो साल की बच्ची भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान धमोग मंदिर से पहले चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और जीप सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलने पर कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने खाई में फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार किया गया।

मृतकों में दो साल की बच्ची शामिल

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में राधिका (2 वर्ष), पुत्री डमर और नरबहादुर (56 वर्ष), पुत्र गंगा बहादुर की मौत हुई है। दोनों नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए हैं।

घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल (45 वर्ष), निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश), डमर (32 वर्ष), निवासी अछाम, निशा (14 वर्ष), निवासी कंचनपुर, अछाम, उर्मिला (30 वर्ष), पत्नी डमर और प्रदीप (5 वर्ष), पुत्र डमर शामिल हैं।

हिमाचल से नेपाल लौट रहे थे वाहन सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग नेपाली मजदूर थे और हिमाचल प्रदेश में काम समाप्त करने के बाद नेपाल स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर यह दुर्घटना हुई।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here