देहरादून: सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय में तैनात पति समेत 3 पर हत्या का मुकदमा

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। हर्रावाला स्थित दिल्ली फार्म क्षेत्र में एक नवविवाहिता और सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति, सास और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ रतूड़ी से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सृष्टि सरकारी शिक्षिका थीं। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का आरोप है कि उसे ‘मनहूस’ कहकर अपमानित किया जाता था और मानसिक दबाव में रखा जाता था।

परिजनों को समय पर नहीं दी गई मौत की सूचना

सीमा कंडारी का कहना है कि 28 और 29 जुलाई को उनकी बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा, जहां से पता चला कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा, तब उन्हें जानकारी मिली कि सृष्टि की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें समय पर इस घटना की सूचना नहीं दी

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद कथित रूप से एक पंडित की सलाह पर ससुराल पक्ष ने सृष्टि को अपशकुनी मानना शुरू कर दिया और उसे ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित किया। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का निधन हो गया था, जिसके बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया। ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और इनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

डोईवाला की सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप है कि तीनों ने मिलकर सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here