उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के अवसरों को गीत-संगीत के जरिए किया गया प्रस्तुत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के विकास और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत में ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
गीत में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों के साथ स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और समृद्ध लोकसंस्कृति को भी दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से उकेरा गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों और टीम उत्तराधुन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य की लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह की रचनात्मक पहल उत्तराखण्ड की पहचान, विकास और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मददगार साबित होगी।









