देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक महत्ता और नंदा राजजात पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान, गौरव और सांस्कृतिक विरासत के सशक्त संवाहक हैं। वे देश-दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करने के साथ ही उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को भी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, विशेषज्ञता, प्रतिभा और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों, लोकगीतों, लोकनृत्यों और आध्यात्मिक परंपराओं से है। प्रवासी उत्तराखण्डियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे अपनी अगली पीढ़ी को अपनी मातृभूमि की भाषा, बोली और सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर रखें, ताकि देवभूमि की विशिष्ट पहचान देश और दुनिया में और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उनके ज्ञान, अनुभव, निवेश और नवाचार का लाभ प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल सराहनीय है। ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और प्रवासी उत्तराखण्डियों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

रात्रिभोज के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से मां नंदा देवी और नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति ने उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उत्तराखण्ड की सामूहिकता, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करती हैं। राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रवासी समाज अपनी मातृभूमि से आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेगा और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









