आज इन 11 जिलों में येलो अलर्ट; बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ रही है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। वहीं, देहरादून और उत्तरकाशी में तीव्र वर्षा के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 15 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में मौसम खराब हो सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

शुक्रवार को पांच जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में खराब मौसम की आशंका जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मैदानी इलाकों में गर्मी, पहाड़ों में बादलों का डेरा

प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ रही है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है। दूसरी ओर, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here