बिग ब्रेकिंग : गंगोत्री हाईवे पर पलटी टूरिस्ट बस, दो चचेरे भाइयों की मौत, 13 यात्री घायल

ऋषिकेश। गंगोत्री हाईवे पर भद्रकाली तिराहे से आगे भजनगढ़ रोड के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। नीलकंठ दर्शन कर दिल्ली लौट रही बिहार के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में आने से हाईवे किनारे खड़े दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए।

हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। बताया गया कि बिहार के यात्री नीलकंठ दर्शन के बाद बस से दिल्ली लौट रहे थे। भद्रकाली तिराहे से कुछ आगे भजनगढ़ रोड के पास मोड़ पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलटते हुए सड़क किनारे जा पहुंची। इसी दौरान वहां स्कूटी के साथ खड़े दो युवक बस की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे ठेली-रेहड़ी लगाने वालों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने बस के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बस में घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

एसआई राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मृतकों की पहचान 24 वर्षीय शुभम बिष्ट और 32 वर्षीय ऋषभ बिष्ट के रूप में हुई है। दोनों गणेश विहार, ऋषिकेश के निवासी और चचेरे भाई थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Static 1 Static 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here