आज भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। इसी बीच देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार के लिए पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार आज 14 जुलाई को उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

देहरादून में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार

राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन के कारण बार-बार बंद हो रहे संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, उफनती नदियों, नालों और गदेरों के आसपास जाने से परहेज करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पूरे सप्ताह बारिश के आसार

मौसम विभाग ने पहले ही 13 जुलाई से 19 जुलाई तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई थी। हालांकि पिछले एक-दो दिनों में बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई, जिससे मैदानी क्षेत्रों में उमस बढ़ने लगी। अब एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है। लगातार हुई बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई सड़कें मलबा आने से बाधित हुईं और पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित रहा। ऐसे में मौसम विभाग और प्रशासन दोनों ही लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here