क्या है सीड ड्रिल विधि? जिससे गेहूं की बुवाई कर रहे उत्तराखंड के अन्नदाता, बढ़ा उत्पादन…

कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के विज्ञानियों ने पछवादून के किसानों को गेहूं में संतुलित उर्वरक और फर्टी सीड ड्रिल विधि का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। समझाया कि इससे गेहूं का उत्पादन बढ़ेगा।

दून के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में गेहूं की बड़े पैमाने पर खेती होती है। मैदानी इलाकों में धान के बाद गेहूं बोया जाता है। दोनों फसलें भूमि से काफी पोषक तत्व लेती हैं, इसलिए मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और बेहतर उत्पादन के लिए खाद व उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल जरूरी है।कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के विज्ञानी डा. संजय राठी ने बताया कि यूरिया से मिलने वाला नत्रजन पौधों की वृद्धि में मदद करता है। फास्फोरस जड़ों के विकास और पौधों की वृद्धि को नियंत्रित करता है। पोटाश नत्रजन और फास्फोरस के बीच संतुलन बनाए रखने के साथ पौधों की जैविक व अजैविक क्रियाओं और मौसम, रोग व कीट के प्रति प्रतिरोधक क्षमता में भूमिका निभाता है।

जिंक भी अनाज वाली फसलों के लिए जरूरी है। इसकी कमी होने पर बुवाई के 30-35 दिन बाद सिंचाई के पश्चात पत्तियां पीली या भूरी पड़ने लगती हैं। इससे पौधों की वृद्धि बाधित होती है और उत्पादन घटता है। उर्वरकों की लागत बढ़ने के कारण कुछ किसान चुनिंदा उर्वरकों का अधिक इस्तेमाल करते हैं, जबकि पोटाश और जिंक जैसे पोषक तत्व कम डालते हैं।

फसल की उत्पादकता के लिए महत्वपूर्ण पोटाश और जिंक

देहरादून के धान-गेहूं फसल चक्र वाले क्षेत्रों में डीएपी का लगातार अधिक प्रयोग मिट्टी में फास्फोरस बढ़ा सकता है, जबकि पोटाश और जिंक का स्तर कम रह जाता है। ये दोनों तत्व फसल की उत्पादकता के लिए महत्वपूर्ण हैं। कृषि विज्ञानी ने गेहूं में प्रति बीघा एनपीके 10 से 12 किग्रा डालने की सलाह है। यदि धान में जिंक नहीं दिया गया हो, तो गेहूं में प्रति बीघा दो किग्रा जिंक दें।

एनपीके उपलब्ध न होने पर प्रति बीघा 5 किग्रा डीएपी, 5 किग्रा पोटाश और 2 किग्रा जिंक इस्तेमाल किया जा सकता है। धान में पूरी मात्रा में उर्वरक डालने के बाद उसी खेत में गेहूं बोने पर फास्फोरस की एक चौथाई अथवा आधी मात्रा ही दें। इससे मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और लागत घटेगी।

विज्ञानी ने किसानों को सलाह दी कि गेहूं बुवाई के समय डीएपी के साथ यूरिया न डालें, क्योंकि इससे लागत बढ़ती है, जबकि पोषक तत्वों का लाभ नहीं मिलता। धान में जिंक दिया गया हो तो गेहूं में दोबारा इसका इस्तेमाल न करें। तोरिया के बाद गेहूं बोने पर, यदि गंधक नहीं डाला गया हो, तो प्रति बीघा दो किग्रा सल्फर बेंटोनाइट दें।

विज्ञानी ने बताया कि उर्वरक बीज के पास उचित दूरी और गहराई पर डालना चाहिए। इसके लिए फर्टी सीड ड्रिल विधि उपयोगी है। इससे उर्वरक बीज के साथ कतार में रहता है और फसल को उसका पूरा लाभ मिलता है।

संतुलित इस्तेमाल जरूरी

गेहूं की फसल के लिए नत्रजन, फास्फोरस, पोटाश और जिंक महत्वपूर्ण पोषक तत्व हैं। फसल की जरूरत और मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों के बीच अंतर को पूरा करने के लिए बुवाई से पहले मृदा उर्वरता जांच करानी चाहिए। हालांकि, संसाधनों की कमी और अन्य कारणों से सभी किसान जांच नहीं करा पाते और अनुभव के आधार पर उर्वरक डालते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here