कोटद्वार/बिजनौर। नकली दवाओं के निर्माण, बिक्री और आपूर्ति करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ एसटीएफ उत्तराखंड ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने गिरोह के मुख्य सरगना विशद कुमार को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद स्थित चांदपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में कोटद्वार स्थित मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स कंपनी का मालिक बताया जा रहा है।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी की कंपनी पहले भी नकली दवाओं के मामले में जांच के दायरे में रह चुकी है। वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान कंपनी पर नकली रेमडेसिविर के निर्माण के आरोप लगे थे। इसके अलावा वर्ष 2024 में तेलंगाना पुलिस द्वारा कंपनी के संबंध में कार्रवाई और सैंपलिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। कंपनी का औषधि निर्माण लाइसेंस भी निरस्त किया जा चुका है।
ऑनलाइन माध्यम से बेच रहे थे नकली दवाएं
एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों के नाम पर जीवनरक्षक दवाओं की हूबहू नकल तैयार कर उन्हें बाजार में बेच रहा था। मामले में एसटीएफ के सीसीपीएस देहरादून में मुकदमा अपराध संख्या 29/2026 दर्ज है। इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ कॉपीराइट एक्ट, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ के निर्देश पर गठित टीम ने गिरोह के संबंध में जानकारी जुटाते हुए पहले इसके दो सदस्यों जतिन निवासी संभल और गौरव त्यागी निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान एसटीएफ टीम ने गिरोह की कड़ियों को जोड़ते हुए मुख्य सरगना विशद कुमार तक पहुंच बनाई।
कोटद्वार की फैक्ट्री में मिली थीं नकली दवाएं
जांच के दौरान 23 मई 2026 को सिडकुल सिगड्डी, कोटद्वार स्थित मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स में अवैध रूप से नकली दवाओं के निर्माण की सूचना पर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 3 किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट और टैबलेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 34 पंच उपकरण बरामद किए गए थे। इसके बाद फैक्ट्री को नियमानुसार सीज कर दिया गया था।
एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशद कुमार पुत्र भीम सिंह, निवासी गली नंबर-1, चांदपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में की है।
आमजन से एसटीएफ की अपील
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि दवाएं केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही खरीदें। यदि कहीं नकली दवाओं की बिक्री, अवैध औषधि निर्माण या बिना वैध लाइसेंस संचालित फैक्ट्री की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचना दें।
एसटीएफ हेल्पलाइन: 9412029536
सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुधीर कुमार, निरीक्षक यादविंदर सिंह बजवा, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी, उपनिरीक्षक कमाल हसन, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र चौहान, कांस्टेबल रवि पंत, कांस्टेबल दीपक चंदोला, कांस्टेबल प्रशांत चौहान और कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल रहे।









