नैनीताल: नैना पीक की ट्रैकिंग के दौरान लापता हुआ ग्राफिक एरा का छात्र, पुलिस-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

तीन दोस्तों के साथ घूमने आया था बिहार निवासी अर्नव सिंह, वापसी के दौरान जंगल में हुआ लापता; पुलिस, वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें तलाश में जुटीं

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में नैना पीक की ट्रैकिंग के दौरान भीमताल स्थित ग्राफिक एरा कॉलेज का एक छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। बिहार निवासी छात्र अर्नव सिंह शुक्रवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ट्रैकिंग के लिए गया था। वापसी के दौरान वह दोस्तों से बिछड़ गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। छात्र की तलाश में पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

तीन दोस्तों के साथ नैना पीक की ट्रैकिंग पर निकला था छात्र

जानकारी के अनुसार, बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव सिंह भीमताल स्थित ग्राफिक एरा कॉलेज में पढ़ाई करता है। शुक्रवार को उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम जी और ऐश्वर्य राज उससे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद चारों दोस्त हल्द्वानी में रुकने के बाद नैनीताल घूमने आए।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चारों दोस्त नैना पीक की ट्रैकिंग के लिए निकले थे। शाम करीब चार बजे लौटते समय अर्नव कुछ दूरी पर पीछे रह गया। जब काफी देर तक वह दोस्तों के पास नहीं पहुंचा तो उन्होंने जंगल में उसकी तलाश शुरू कर दी।

देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन, शनिवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश

दोस्तों ने जंगल में आवाज लगाकर और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर अर्नव को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुक्रवार देर रात तक जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शनिवार सुबह एक बार फिर व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की गई। हालांकि, देर शाम तक भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

परिजनों को दी गई सूचना, दोस्तों से भी पूछताछ

मल्लीताल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि लापता छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उसके साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से छात्र की तलाश में जुटी हैं।

फिलहाल अर्नव सिंह का कोई पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here