देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार से अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज 27 जुलाई को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, अत्यंत तीव्र बारिश के दौर और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिशक्ष, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं हरिद्वार जिले में भी गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
देहरादून में शाम की बारिश से मिली राहत
रविवार सुबह देहरादून और आसपास के इलाकों में आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप निकलने से उमस बढ़ गई थी। हालांकि शाम को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक बना रहा।
भूस्खलन और नदी-नालों के उफान का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने और सड़कें बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों का तापमान
बीते रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, ऊधम सिंह नगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 25.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें।
बिजली चमकने के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।









