देहरादून: देशभर में चर्चा बटोर रही फिल्म फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ की स्टार कास्ट ने अपने प्रमोशनल दौरे के तहत शुक्रवार को देहरादून का रुख किया। शहर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता रचित सिंह, मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत और निर्माता साकिब सलीम ने मीडिया और प्रशंसकों से बातचीत की। कलाकारों ने कहा कि विभिन्न शहरों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाएं पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक हैं और देहरादून के दर्शकों ने भी फिल्म को भरपूर प्यार दिया है।
कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि किसी भी फिल्म की असली सफलता केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से नहीं, बल्कि दर्शकों के प्यार और उनकी प्रतिक्रिया से तय होती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में देश के कई शहरों में फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली है और कई सिनेमाघरों में शो दर्शकों से खचाखच भरे रहे। देहरादून के दर्शकों के प्रति आभार जताते हुए हुमा ने मंच से तीन बार “शुक्रिया” कहा और कहा कि यहां के लोगों का स्नेह पूरी टीम के लिए बेहद खास है। फिल्म की पूरी टीम इन दिनों अपने ‘इंडिया दर्शन’ अभियान के तहत देश के अलग-अलग शहरों का दौरा कर रही है। इसी क्रम में देहरादून को भी इस विशेष अभियान का हिस्सा बनाया गया। टीम का उद्देश्य दर्शकों से सीधे संवाद करना और उनकी प्रतिक्रियाओं को समझना है, ताकि भविष्य में और बेहतर कहानियां प्रस्तुत की जा सकें।
सिनेमा लोगों की भावनाओं को जोड़ता है
निर्देशक नचिकेत सामंत ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और लोगों की भावनाओं को जोड़ने का भी एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जब दर्शक किसी फिल्म के पात्रों और कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं, तो वही किसी भी फिल्मकार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उनके अनुसार, ‘बेबी डू डाई डू’ को मिल रहा सकारात्मक समर्थन इस बात का संकेत है कि फिल्म दर्शकों तक अपना संदेश पहुंचाने में सफल रही है।
निर्माता साकिब सलीम ने जताया आभार
फिल्म के निर्माता साकिब सलीम ने कहा कि एक फिल्म को बनाने में पूरी टीम लंबे समय तक मेहनत करती है और जब दर्शक उसे स्वीकार करते हैं तो वह मेहनत सफल महसूस होती है। उन्होंने उत्तराखंड के दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यहां के लोग हमेशा अच्छी फिल्मों को सराहते हैं और ‘बेबी डू डाई डू’ को लेकर भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला है।
प्रशंसकों से मुलाकात रही खास
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी और प्रशंसक मौजूद रहे। कई लोगों ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा किए। स्टार कास्ट ने कहा कि दर्शकों से सीधे मिलना और उनकी प्रतिक्रियाएं सुनना किसी भी पुरस्कार से अधिक खुशी देता है। देहरादून के लोगों की गर्मजोशी और अपनत्व ने इस यात्रा को यादगार बना दिया।
भविष्य में भी लाएंगे नई और दमदार कहानियां
फिल्म की टीम ने कहा कि वे दर्शकों की प्रतिक्रियाओं का लगातार अध्ययन कर रहे हैं और भविष्य में भी ऐसी फिल्मों पर काम करेंगे, जो मनोरंजन के साथ लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ सकें। कलाकारों का मानना है कि दर्शकों का विश्वास और समर्थन ही उन्हें लगातार बेहतर और सार्थक सिनेमा बनाने की प्रेरणा देता है।









