देहरादून। पश्चिमी दून का हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह नहीं रहेगा, बल्कि शहर के विकास की नई पहचान बनेगा। वर्षों तक सीमित सुविधाओं और उपेक्षा झेलने वाला यह स्टेशन अब पूरी तरह आधुनिक रूप में तैयार है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए व्यापक कायाकल्प के बाद शुक्रवार को इसका लोकार्पण होगा। यह बदलाव केवल स्टेशन भवन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे इलाके की तस्वीर बदलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
महत्वपूर्ण पड़ाव
आसपास नई कालोनियां बस रही हैं, संस्थान खुल रहे हैं और आबादी तेजी से बढ़ रही है। इसके बावजूद स्टेशन वर्षों तक पुराने ढर्रे पर ही चलता रहा।
अब पहली बार यहां ऐसा बदलाव हुआ है, जो यात्रियों को बड़े शहरों के स्टेशनों जैसा अनुभव देगा। सबसे बड़ा बदलाव सोच में आया है। अब तक छोटे स्टेशनों को केवल ट्रेनों के ठहराव तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब उन्हें स्थानीय विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
हर्रावाला इसका ताजा उदाहरण है। नया स्टेशन न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि समीप के क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और रोजगार की संभावनाओं को भी मजबूती देगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्टेशन
स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही नया भव्य पोर्च, चौड़ा सर्कुलेटिंग एरिया और आकर्षक भवन यात्रियों का स्वागत करेगा। वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, रैंप, विशाल प्लेटफार्म शेल्टर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं स्टेशन की नई पहचान बनेंगी।
रेलवे का दावा है कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे कर लिए गए हैं। हर्रावाला स्टेशन का कायाकल्प उस समय पूरा हुआ है, जब उत्तराखंड में पर्यटन, धार्मिक यात्राओं व हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह स्टेशन आने वाले वर्षों में देहरादून के वैकल्पिक रेल प्रवेश द्वार की भूमिका निभा सकता है।
ट्रेनों का ठहराव बढ़ने से दून में कम होगा दबाव
रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में यदि हर्रावाला स्टेशन पर और अधिक ट्रेनों का ठहराव बढ़ता है तो देहरादून मुख्य स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम हो सकता है। इससे पश्चिमी देहरादून के हजारों यात्रियों को शहर के भीतर अनावश्यक आवाजाही से राहत मिलेगी।
स्टेशन के नए स्वरूप में स्थानीय पहचान को भी जगह दी गई है। भवन की डिजाइन आधुनिक होने के साथ क्षेत्रीय स्थापत्य की झलक भी देती है। इससे स्टेशन केवल सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि देखने में भी आकर्षक बन गया है। लंबा प्लेटफार्म होने के कारण यहां 18 कोच की ट्रेनें भी आ सकती हैं, जबकि दून स्टेशन पर अधिकतम 16 कोच की ट्रेन आती है।
यह है अमृत भारत स्टेशन योजना
देशभर के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक स्वरूप देने के लिए केंद्र सरकार ने अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की है। इसका उद्देश्य केवल भवनों का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर पहुंच मार्ग, बड़ी पार्किंग, डिजिटल सुविधाएं और स्थानीय संस्कृति के अनुरूप स्टेशन विकसित करना है। इसी योजना के तहत पुनर्विकसित होने वाला उत्तराखंड का महत्वपूर्ण स्टेशन हर्रावाला है।
पहले ऐसी थी तस्वीर
कुछ वर्ष पहले तक हर्रावाला स्टेशन पर सीमित यात्री सुविधाएं थीं। प्रतीक्षालय, पार्किंग और प्लेटफार्म की व्यवस्था साधारण थी। बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या के मुकाबले स्टेशन का ढांचा छोटा पड़ने लगा था। अब स्टेशन का पूरा स्वरूप बदल चुका है और यह आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है।
हर्रावाला इसलिए है रणनीतिक स्टेशन
- देहरादून शहर के पश्चिमी प्रवेश क्षेत्र में स्थित।
- डोईवाला और जौलीग्रांट एयरपोर्ट के सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशनों में शामिल।
- हरिद्वार और ऋषिकेश मार्ग से सीधा संपर्क।
- आसपास तेजी से विकसित हो रही आवासीय टाउनशिप।
- भविष्य में उपनगरीय रेल सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं वाला क्षेत्र।









