अंकिता हत्याकांड के कथित वीआईपी ऑडियो मामले में उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट होगा, कोर्ट ने दिए आदेश

देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो मामले में शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। अदालत ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का आदेश दिया है। दोनों टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराए जाएंगे। हालांकि, पॉलीग्राफ टेस्ट की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। इससे पहले उर्मिला का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

अदालत में पेशी के बाद सीबीआई कार्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए उर्मिला सनावर ने एक बार फिर कई सनसनीखेज आरोप लगाए। उन्होंने स्वामी दर्शन भारती उर्फ डीएस रावत पर आरोप लगाया कि उन्हें नार्को टेस्ट में शामिल होने से रोकने के लिए स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया गया था।

उर्मिला ने दावा किया कि उन्हें 26 तारीख को नार्को टेस्ट में शामिल नहीं होने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा, “रात को उसने मुझे स्कॉर्पियो गाड़ी और पच्चीस लाख रुपये का प्रलोभन दिया। कहा कि तुम छब्बीस तारीख को वहां नहीं जाओगी। बस इतनी सी बात हुई।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने नार्को टेस्ट में शामिल होने और पुलिस को अपना बयान देने की बात कही तो उन्हें रोकने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई। उर्मिला के मुताबिक, 26 तारीख से पहले ही उन्हें नार्को टेस्ट में शामिल होने से रोकने के लिए कथित तौर पर पूरी साजिश रची गई।

भाजपा में तीन गुट होने का किया दावा

मीडिया से बातचीत के दौरान उर्मिला ने भाजपा में गुटबाजी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में तीन गुट हैं, जिनमें एक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का और दो गुट हरिद्वार से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनका नार्को टेस्ट होता है तो अंकिता भंडारी हत्याकांड के साथ नीलम हत्याकांड से जुड़े कई राज भी सामने आ सकते हैं।

उर्मिला ने आरोप लगाया कि हरिद्वार से जुड़े कुछ लोगों ने उन्हें नार्को टेस्ट में जाने से रोकने के लिए बैठक की थी। उन्होंने दावा किया कि नीलम हत्याकांड में भी कई प्रभावशाली लोग शामिल हैं, जो वर्तमान में बड़े राजनीतिक पदों पर बैठे हैं। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया।

हरिद्वार पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप

उर्मिला सनावर ने हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सात से आठ गाड़ियों के साथ उनके घर पहुंची थी। इस दौरान पूरे मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे बंद करवाए गए और उनके घर की सीडीआर निकलवाई गई। उन्होंने दावा किया कि उनका मोबाइल फोन रीसेट कर दिया गया और कैमरों से संबंधित रिकॉर्ड भी गायब कर दिए गए।

उन्होंने पटेलनगर थाने से आए फोन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी देकर बयान देने के लिए बुलाया गया था। उर्मिला ने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति बिना वर्दी और नेमप्लेट के मौजूद था, जो उनसे सीबीआई की पूछताछ के बारे में जानकारी ले रहा था। बाद में उन्हें बताया गया कि वह एसपी सिटी हैं।

इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि बुखार की हालत में उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा और उन्हें अस्थमा की दवाइयां तक नहीं लाने दी गईं। उन्होंने अपने पालतू कुत्तों को घर के बाहर खुला छोड़ने का भी आरोप लगाया।

6 नवंबर को जेल से हुई थीं रिहा

गौरतलब है कि अभिनेत्री उर्मिला सनावर को 25 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। दो मुकदमों में जमानत मिलने के बाद वह 6 नवंबर को हरिद्वार जिला जेल से रिहा हुई थीं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने दिवाली के बाद कई बड़े खुलासे करने की बात कही थी। शुक्रवार को मीडिया के सामने उन्होंने एक बार फिर अपने आरोपों को दोहराया।

उर्मिला के आरोप बेबुनियाद और निराधार: दर्शन भारती

वहीं, उर्मिला सनावर के आरोपों पर स्वामी दर्शन भारती ने पलटवार किया है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार बताया। दर्शन भारती ने कहा कि पहले उर्मिला सनावर ने 50 करोड़ रुपये की बात कही थी और अब स्कॉर्पियो गाड़ी तथा 25 लाख रुपये देने के आरोप लगा रही हैं।

उन्होंने कहा, “उर्मिला के आरोप पूर्णतः बेबुनियाद और निराधार हैं। सबसे हास्यास्पद बात यह है कि पहले इस महिला ने 50 करोड़ की बात कही और अब स्कॉर्पियो और 25 लाख की बेतुकी बातें कहकर बेवजह लाइमलाइट और मीडिया में बने रहना चाहती हैं।”

फिलहाल, अदालत के आदेश के बाद उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो मामले में उनके आरोपों की सच्चाई और जांच से सामने आने वाले तथ्यों को लेकर आगे की कार्रवाई अहम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here